June 27, 2025

CHHATTISGARH TIME

ज़रा हटकर, एक नई दृष्टिकोण से देश और दुनिया की सबसे स्वच्छ खबरें

कवर्धा की घटना और बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में छत्तीसगढ़ बंद: सचिन पायलट ने जताया आभार

कवर्धा की घटना और बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में छत्तीसगढ़ बंद: सचिन पायलट ने जताया आभार

सचिन पायलट का जनता और व्यापारियों को धन्यवाद

भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था की विफलता का आरोप

प्रशांत साहू हत्या मामले में न्यायिक जांच की मांग

       रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट ने कांग्रेस द्वारा बुलाए गए बंद को सफल बनाने के लिए राज्य की जनता, छोटे-बड़े व्यापारियों और उद्योगपतियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कवर्धा की हृदय विदारक घटना और राज्य की लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में बुलाए गए इस बंद में जनता ने अपने कामकाज को बंद करके राज्य सरकार की विफलताओं के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया है।

       सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस ने प्रशांत साहू की हत्या की न्यायिक जांच की मांग को लेकर बंद का आह्वान किया था। उन्होंने राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब से भाजपा सत्ता में आई है, छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था बिगड़ चुकी है, और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। व्यापारी, महिलाएं, विद्यार्थी और आम नागरिक रोज़ाना होने वाली हत्याओं, बलात्कारों, लूट, डकैती और अन्य अपराधों से भयभीत हैं।

       कवर्धा में पुलिस की बर्बरता, लोहारीडीह के लापता लोग, और पुलिस हिरासत में ग्रामीण की मौत जैसी घटनाओं को लेकर राज्य में असंतोष है। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। भिलाई में चार साल की बच्ची के साथ हुए दुराचार, बलरामपुर में व्यापारी से लूट, और राजधानी में अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टरों द्वारा गोलीबारी जैसी घटनाओं ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को और गंभीर बना दिया है।

       सचिन पायलट ने बंद के दौरान गांधीवादी तरीके से शांतिपूर्ण विरोध करने वाले कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से यह बंद सफल रहा और यह भाजपा सरकार को जगाने का प्रयास था ताकि राज्य में कानून-व्यवस्था को सुधारने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।