दुर्ग। शहर में केबल व्यवसाय को लेकर चल रहा विवाद लगातार गहराता जा रहा है। केबल संबंधी शिकायत के निराकरण के दौरान कथित रूप से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। जीटीपीएल कंपनी से जुड़े अशोक शर्मा के पुत्र अक्षय शर्मा लक्की ने पद्मनाभपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 296, 351(3) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
अक्षय शर्मा लक्की के अनुसार, 4 सितंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे बोरसी अटल नगर में केबल से संबंधित शिकायत के निराकरण के दौरान ग्रैंड विजन से जुड़े शशिकांत राय और चुन्नी लाल यादव ने उनके साथ अश्लील गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद उन्होंने पद्मनाभपुर पुलिस थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की।
शिकायत के बाद पुलिस ने 5 सितंबर को दोपहर 14:18 बजे संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
अक्षय शर्मा लक्की का आरोप है कि उनके द्वारा पुलिस में शिकायत किए जाने की जानकारी मिलने के बाद उन पर दबाव बनाने के उद्देश्य से ग्रैंड विजन से जुड़े लोगों द्वारा रात 22:56 बजे उनके खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई गई। अक्षय ने इस शिकायत को झूठा बताते हुए कहा कि उन्हें डराने और दबाव में लेने के उद्देश्य से इस तरह की कार्रवाई की गई है।
अक्षय शर्मा लक्की ने आरोप लगाया कि उनके पिता अशोक शर्मा के केबल व्यवसाय को दबावपूर्वक अपने नियंत्रण में लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से उनके केबल नेटवर्क को काटने तथा व्यवसायिक गतिविधियों में व्यवधान पैदा करने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे उनके कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है और ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अक्षय शर्मा लक्की और अशोक शर्मा का कहना है कि यदि केबल व्यवसाय से जुड़े विवादों का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है। उनका आरोप है कि बार-बार इस तरह की घटनाओं से न केवल उनके व्यवसाय को नुकसान हो रहा है, बल्कि दुर्ग-भिलाई के शांतिपूर्ण वातावरण पर भी इसका असर पड़ रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाया जाए तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
अशोक शर्मा और अक्षय शर्मा लक्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं गृहमंत्री विजय शर्मा को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है। पत्र में उन्होंने ग्रैंड विजन के संचालक गुरचरण सिंह होरा तथा उनके साथ जुड़े कर्मचारियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
अशोक शर्मा और अक्षय शर्मा लक्की का कहना है कि केबल व्यवसाय से जुड़े सभी लोगों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण मिलना चाहिए, ताकि वे बिना किसी दबाव के अपना व्यवसाय संचालित कर सकें। उन्होंने प्रशासन से केबल व्यवसाय से जुड़े विवादों के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
अशोक शर्मा और अक्षय शर्मा लक्की ने। पुलिस एवं प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाने और कार्रवाई करने की मांग की है।

More Stories
शिक्षकों के मार्गदर्शन और जनसेवा से संभव है समाज व राष्ट्र का सर्वांगीण विकास: टंक राम वर्मा
छत्तीसगढ़ी को आठवीं अनुसूची में शामिल कराने के लिए सकारात्मक पहल
बिलासपुर प्रेस क्लब ने पत्रकारों और परिवारों के स्वास्थ्य को लेकर उठाया बड़ा कदम