October 23, 2026

CHHATTISGARH TIME

ज़रा हटकर, एक नई दृष्टिकोण से देश और दुनिया की सबसे स्वच्छ खबरें

बिलासपुर प्रेस क्लब ने पत्रकारों और परिवारों के स्वास्थ्य को लेकर उठाया बड़ा कदम

बिलासपुर प्रेस क्लब ने पत्रकारों और परिवारों के स्वास्थ्य को लेकर उठाया बड़ा कदम

       बिलासपुर, 7 सितंबर। पत्रकार दिन-रात समाज की समस्याओं को सामने लाने और जनहित की आवाज उठाने में जुटे रहते हैं, लेकिन कई बार अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य को लेकर उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इसी चिंता को दूर करने की दिशा में बिलासपुर प्रेस क्लब ने अब महत्वपूर्ण पहल की है।

       प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा के प्रयासों से बिलासपुर प्रेस क्लब और अपोलो हॉस्पिटल के बीच एमओयू हुआ है। इस समझौते के बाद प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों के साथ उनके परिवार के सदस्यों को भी अस्पताल में रियायती दरों पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का रास्ता साफ हो गया है।

       मध्यमवर्गीय परिवारों से आने वाले कई पत्रकारों के लिए महंगे इलाज का खर्च बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे में यह पहल उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा तक आसान पहुंच देने वाली साबित हो सकती है। खासकर गंभीर बीमारी या अचानक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की स्थिति में रियायती उपचार परिवारों के लिए राहत देगा।

जल्द लगेगा मेगा हेल्थ कैंप

       एमओयू के बाद प्रेस क्लब अब पत्रकारों और उनके परिजनों के लिए मेगा हेल्थ कैंप आयोजित करने की तैयारी में है। शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। इससे पत्रकार समय रहते अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की जांच करा सकेंगे।

हेल्थ इंश्योरेंस पर भी काम

       प्रेस क्लब पत्रकारों के लिए कॉर्पोरेट हेल्थ इंश्योरेंस की व्यवस्था पर भी काम कर रहा है। बीमा कंपनियों के साथ बातचीत अंतिम दौर में बताई जा रही है। योजना में पत्रकारों के साथ उनके परिजनों को भी शामिल करने का प्रस्ताव है।

       एमओयू के दौरान अध्यक्ष अजीत मिश्रा के साथ उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, पूर्व अध्यक्ष तिलक राज सलूजा, वरिष्ठ पत्रकार शादाब खान और सैय्यद जफर मौजूद रहे। प्रेस क्लब की इस पहल को पत्रकार कल्याण की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।