रायपुर। छत्तीसगढ़ में युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने आरोप लगाया कि हर बूथ पर युवाओं की टीम बनाने और 25 दिनों की कार्ययोजना तैयार करने की भाजपा की घोषणा केवल कागजी है। उन्होंने कहा कि भाजपा को युवाओं की याद केवल चुनाव और संगठनात्मक बैठकों के समय आती है, जबकि प्रदेश के युवाओं को रोजगार, बेहतर शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की जरूरत है।
सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि भाजपा ने वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद नई भर्तियों की स्थिति संतोषजनक नहीं है। शिक्षक भर्ती, पुलिस भर्ती, वन विभाग और न्यायिक सेवा में नियुक्तियां प्रभावित हैं। वहीं पीएससी भर्ती परीक्षाओं की स्थिति भी सर्वविदित है और पुरानी भर्ती प्रक्रियाएं भी ठंडे बस्ते में पड़ी हैं।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में लगभग 1 लाख 7 हजार पद खाली हैं, इसके बावजूद युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं। आज प्रदेश का युवा नौकरी की तलाश में भटक रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार को रोजगार के मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि बूथ स्तर पर युवाओं की टीम बनाने से पहले सरकार को अपने चुनावी वादे के अनुरूप रोजगार देने की ठोस कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए।
युवाओं के भविष्य से ज्यादा राजनीतिक उपयोग की चिंता : कांग्रेस
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि डिग्री और तकनीकी शिक्षा हासिल करने के बाद भी युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार नहीं मिल पा रहा है। भाजपा की प्राथमिकता युवाओं का भविष्य संवारना नहीं, बल्कि राजनीतिक लाभ के लिए उनका इस्तेमाल करना है। सरकार को पहले यह बताना चाहिए कि चुनाव के दौरान युवाओं से किए गए वादों का क्या हुआ?
उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार का उल्लेख करते हुए दावा किया कि उस कार्यकाल में रिकॉर्ड भर्तियां और पदोन्नतियां हुई थीं तथा प्रदेश की बेरोजगारी दर घटकर 0.6 प्रतिशत तक पहुंच गई थी। इसके विपरीत, भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आज प्रदेश में बेरोजगारी की स्थिति चिंताजनक हो गई है।
सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ का युवा अब भाषण, घोषणाएं और संगठनात्मक कार्ययोजनाएं नहीं, बल्कि रोजगार और बेहतर भविष्य के लिए ठोस परिणाम चाहता है। भाजपा सरकार को युवाओं को राजनीतिक गतिविधियों में उलझाने के बजाय उनके भविष्य और रोजगार के लिए जवाबदेही तय करनी चाहिए।

More Stories
मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित कार्यशाला में शामिल हुए राज्यपाल
स्वास्थ्य सेवा की मजबूत कड़ी हैं मितानिन बहनें, सम्मान समारोह में गूंजा सेवा का संदेश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर भजन-कीर्तन में लिया भाग