बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जनजातीय विकास को बड़ी सौगात, पीएम मोदी ने 3,000 करोड़ की 246 परियोजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास
जनजातीय गौरव दिवस पर शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और संस्कृति के संरक्षण पर विशेष जोर; 38 एकलव्य विद्यालयों और 100 बहुउद्देश्यीय केंद्रों का उद्घाटन
नई दिल्ली। देशभर में आज 15 नवंबर 2026 को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता कर देश को संबोधित किया। इस अवसर पर जनजातीय समाज के विकास और सशक्तिकरण के उद्देश्य से लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया।
इन परियोजनाओं का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, आजीविका के अवसरों और सामुदायिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। कुल 246 परियोजनाओं में से 173 परियोजनाओं का उद्घाटन और 73 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
शिक्षा को बढ़ावा: 38 एकलव्य विद्यालयों का उद्घाटन
जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री ने देशभर में 38 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (EMRS) का उद्घाटन किया। इसके साथ ही 19 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की आधारशिला रखी गई। इन विद्यालयों के माध्यम से जनजातीय विद्यार्थियों को कक्षा 6 से 12वीं तक आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने की व्यवस्था को विस्तार मिलेगा।
पीएम-जनमन के तहत 100 बहुउद्देश्यीय केंद्र
विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTGs) तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाने के लिए संचालित प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (PM-JANMAN) के अंतर्गत 100 बहुउद्देश्यीय केंद्रों का उद्घाटन किया गया। ये केंद्र दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य, पोषण, आंगनवाड़ी और अन्य सरकारी सेवाओं की उपलब्धता के महत्वपूर्ण केंद्र बनेंगे।
इसके अतिरिक्त पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत 42 अन्य विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
जनजातीय उत्पादों को मिलेगा बेहतर बाजार
आदिवासी किसानों, कारीगरों और वन उपज संग्राहकों को उनके उत्पादों का बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 12 जनजातीय बहुउद्देश्यीय विपणन केंद्रों (TMMCs) की आधारशिला रखी गई। इन केंद्रों से जनजातीय उत्पादकों को बाजार तक सीधी पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।
जनजातीय संस्कृति और विरासत के संरक्षण पर जोर
जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को संरक्षित करने के लिए भी महत्वपूर्ण पहल की गई।
-
रोपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय: मिजोरम के आइजोल में इस संग्रहालय का उद्घाटन किया गया। यह 19वीं सदी की मिजो वीरांगना रोपुइलियानी के ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष और जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को समर्पित है।
- जनजातीय अनुसंधान संस्थान: अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में जनजातीय अनुसंधान संस्थान (TRI) के नए भवन का उद्घाटन किया गया। यह संस्थान जनजातीय भाषाओं, परंपराओं, संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान के दस्तावेजीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उनके संघर्ष, साहस और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन और उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा। प्रधानमंत्री ने जनजातीय समाज के सम्मान, अवसरों और समृद्धि के लिए सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शुरू की गई ये विकास परियोजनाएं जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, बुनियादी सुविधाओं, आर्थिक अवसरों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।

More Stories
छत्तीसगढ़ के जननायकों के योगदान और आदिवासी स्वतंत्रता संघर्ष का गौरवशाली इतिहास
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय लोकभवन के दीपावली मिलन समारोह में हुए शामिल
लोकभवन में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन