September 12, 2026

CHHATTISGARH TIME

ज़रा हटकर, एक नई दृष्टिकोण से देश और दुनिया की सबसे स्वच्छ खबरें

ओपीएस बहाली की मांग को लेकर बिजली कर्मचारियों की गेट मीटिंग

ओपीएस बहाली की मांग को लेकर बिजली कर्मचारियों की गेट मीटिंग

       भिलाई-3। पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली की मांग को लेकर पावर कंपनी में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी संगठनों ने शुक्रवार को भिलाई-3 स्थित मुख्यालय परिसर में गेट मीटिंग आयोजित की। दोपहर 3 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्युतकर्मी शामिल हुए और वर्ष 2004 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग को प्रमुखता से उठाया।

       गेट मीटिंग के दौरान कर्मचारियों ने बताया कि वर्ष 2022 में पुरानी पेंशन योजना बहाली की घोषणा तथा ऊर्जा विभाग द्वारा 6 अक्टूबर 2023 को छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनियों के अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए ओपीएस लागू करने के संबंध में दी गई सैद्धांतिक सहमति के बावजूद मांग का अपेक्षित निराकरण नहीं हुआ है। इसी मांग को लेकर संगठन की ओर से छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी के अध्यक्ष के नाम मुख्य अभियंता (संचार एवं टेलीमेट्री), सीएसपीटीसीएल, भिलाई-3 को ज्ञापन सौंपा गया।

       कार्यक्रम में अधिकारियों-कर्मचारियों ने ओपीएस की उपयोगिता और कर्मचारियों के भविष्य की सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे। इस दौरान आगामी आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की गई।

       संगठनों ने निर्णय लिया कि यदि ओपीएस की मांग पूरी नहीं होती है तो 5 अक्टूबर 2026 को रायपुर के डंगनिया स्थित केंद्रीय मुख्यालय परिसर का घेराव कर महासभा एवं महारैली का आयोजन किया जाएगा। गेट मीटिंग में सुनील कुमार भूआर्या, सुनील कुमार चौहान, हरमुख, निशांत मेश्राम, वी.वी.आर. मूर्ति, वीरेंद्र कुमार पाठक, शिखा सिंह और पूनम भावनानी सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।