August 19, 2026

CHHATTISGARH TIME

ज़रा हटकर, एक नई दृष्टिकोण से देश और दुनिया की सबसे स्वच्छ खबरें

फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक की धमकी देकर 10 हजार की वसूली का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक की धमकी देकर 10 हजार की वसूली का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

       भिलाई। सोशल मीडिया पर न्यूज पेज चलाने वालों को निशाना बनाकर ठगी करने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भिलाई टाइम्स न्यूज के इंस्टाग्राम पेज पर लगातार फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक भेजकर पेज बंद होने का डर दिखाया गया और इसे हटाने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायत मिलने के बाद सुपेला पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया।

       पुलिस के अनुसार, भिलाई टाइम्स न्यूज के संचालक यशवंत साहू के इंस्टाग्राम पेज पर करीब 32 हजार फॉलोवर्स हैं। 25 जुलाई की रात से 26 जुलाई की रात के बीच पेज पर लगातार कॉपीराइट स्ट्राइक आने लगीं। इससे संचालक को पेज डिलीट होने की आशंका हुई। जब उन्होंने संबंधित व्यक्ति से ई-मेल और व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया, तो कथित तौर पर स्ट्राइक हटाने के बदले 10 हजार रुपये देने का दबाव बनाया गया।

       मामले की शिकायत पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1061/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से व्हाट्सएप नंबर, ई-मेल आईडी, इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट से जुड़ी तकनीकी जानकारी जुटाई। संबंधित कंपनियों से प्राप्त जानकारी और IP डिटेल व CDR के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई।

       तकनीकी जांच के बाद पुलिस टीम 17 अगस्त को आरोपी के निवास पहुंची और उसे धारा 35 BNSS का नोटिस दिया। नोटिस के बाद आरोपी 19 अगस्त को थाना सुपेला पहुंचा। पूछताछ और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने 19 वर्षीय अनीश कुमार, निवासी बिहार और वर्तमान में पुणे, महाराष्ट्र को गिरफ्तार कर लिया।

       पुलिस ने घटना में इस्तेमाल iPhone 16 मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।

       इस घटना से साफ है कि साइबर अपराधी अब सोशल मीडिया पेज की प्रतिष्ठा और अकाउंट बंद होने के डर को भी वसूली का हथियार बना रहे हैं। दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कॉपीराइट या अकाउंट बंद होने के नाम पर कोई धनराशि न दें और केवल संबंधित प्लेटफॉर्म की आधिकारिक प्रक्रिया का इस्तेमाल करें।