March 9, 2026

CHHATTISGARH TIME

ज़रा हटकर, एक नई दृष्टिकोण से देश और दुनिया की सबसे स्वच्छ खबरें

अहिवारा के मंगल भवन में धूमधाम से मनाया गया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, महिलाओं के सम्मान में कार्यक्रम

अहिवारा के मंगल भवन में धूमधाम से मनाया गया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, महिलाओं के सम्मान में कार्यक्रम

       अहिवारा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मंगल भवन अहिवारा में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, स्वयं सहायता समूह की सदस्यों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

       कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता परियोजना अधिकारी श्रीमती छाया सिंह ने की। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी भी मौजूद रहे।

       अपने संबोधन में सरस्वती बंजारे ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं को अधिक अधिकार और अवसर दिए जा रहे हैं, जिसके कारण आज महिलाएं संसद, विधानसभा, जनपद और जिला स्तर तक जनप्रतिनिधि बनकर अपनी आवाज बुलंद कर रही हैं।

       विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू ने अपने उद्बोधन में महिलाओं से हर क्षेत्र में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। वहीं नगर पालिका परिषद कुम्हारी की अध्यक्ष मीना वर्मा ने कहा कि समाज में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की जिम्मेदारी निभाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

       कार्यक्रम के दौरान परियोजना अधिकारी छाया सिंह ने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर विशेष जोर दिया। पार्षद अनुज साहू ने महिला सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. मसीह ने महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देते हुए जागरूकता का संदेश दिया।

       कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य से जुड़े स्टॉल भी लगाए गए, जहां लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की और लाभ उठाया। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों द्वारा पौष्टिक भोजन का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।

       महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली सहायिकाओं और कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कुछ स्वयं सहायता समूहों को चेक वितरण भी किया गया।

       इस आयोजन में आसपास के क्षेत्रों से आए समूह कार्यकर्ता, सहायिकाएं, महिलाएं और जनप्रतिनिधियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक बना रहा।