खैरागढ़। खैरागढ़ विकासखंड अंतर्गत सरकारी सेवा सहकारी समिति साल्हेवारा (पंजीयन क्रमांक 1384) में धान उठाव की प्रक्रिया में भारी अव्यवस्था सामने आ रही है, जिससे किसानों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समिति परिसर में धान की आवक लगातार बढ़ रही है, लेकिन समय पर उठाव नहीं होने के कारण स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है।
धान की मात्रा अत्यधिक बढ़ जाने से समिति परिसर में जगह कम पड़ गई है। मजबूरी में किसानों को धान सड़क किनारे रखने की नौबत आ गई है। इससे जहां एक ओर धान के खराब होने का खतरा बढ़ गया है, वहीं दूसरी ओर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। मौसम में अचानक बदलाव या बारिश होने की स्थिति में किसानों की मेहनत पर पानी फिरने की आशंका बनी हुई है।
किसानों का कहना है कि वे सुबह से देर शाम तक समिति परिसर में इंतजार करते रहते हैं, लेकिन धान उठाव नहीं होने से खरीदी प्रक्रिया बाधित हो रही है। नई आवक को रखने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिल पा रहा, जिससे अव्यवस्था और बढ़ रही है। कई किसानों ने बताया कि लगातार इंतजार और अनिश्चितता के कारण उन्हें मानसिक और आर्थिक तनाव झेलना पड़ रहा है।
किसानों एवं समिति प्रबंधन ने शासन-प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र ही धान उठाव की व्यवस्था नहीं की गई, तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि धान का तुरंत उठाव सुनिश्चित कर खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाया जाए, ताकि किसानों की मेहनत और उपज सुरक्षित रह सके।

More Stories
अबूझमाड़ के ताहकाडोंड में पहली बार मोबाइल नेटवर्क शुरू हुआ
राष्ट्रभक्ति की गूंज को मिला नया सम्मान—‘वंदे मातरम्’ अब वैधानिक संरक्षण के दायरे में
छत्तीसगढ़ी सिनेमा में नए चेहरों की दस्तक, 8 मई को रिलीज़ होगी ‘Mola Love Hoge’