March 26, 2026

CHHATTISGARH TIME

ज़रा हटकर, एक नई दृष्टिकोण से देश और दुनिया की सबसे स्वच्छ खबरें

गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार और नवीन पटनायक को भारत रत्न देने की मांग की

गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार और नवीन पटनायक को भारत रत्न देने की मांग की




नई दिल्ली । केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न देने की मांग की है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सिंह ने अपनी भावना अपने लोकसभा क्षेत्र बेगूसराय में व्यक्त की तथा अपनी पार्टी के वर्तमान सहयोगी कुमार और पटनायक की प्रशंसा की। भाजपा ने पटनायक की पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) को इस वर्ष हुए ओडिशा विधानसभा चुनाव में परास्त करके राज्य की सत्ता से बाहर कर दिया था। सिंह ने कहा, ‘‘नीतीश कुमार के सत्ता में आने से पहले बिहार खस्ताहाल सड़कों, विद्यालयों और इमारतों के लिए जाना जाता था, कुमार ने राज्य को नयी ऊंचाइयों पर पहुंचाया। इसी तरह, नवीन पटनायक ने इतने सालों तक ओडिशा की सेवा की। उनके जैसे नेता भारत रत्न जैसे सर्वोच्च सम्मान के हकदार हैं।’’ बिहार के राजनीतिक हलकों में सिंह को कुमार का आलोचक माना जाता है। सिंह ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद की ‘‘कुचेष्टा’’ के बावजूद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) जनता दल (यूनाइटेड) प्रमुख नीतीश कुमार के नेतृत्व में आगामी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए उत्सुक है। गौरतलब है कि सिंह का यह बयान राजद द्वारा राजग के खींचतान का फायदा उठाने के प्रयासों की पृष्ठभूमि में आया है। राजद पूर्व में दो बार जदयू के साथ गठबंधन कर चुका है।

 







Previous articleछत्तीसगढ़ का रजत जयंती वर्ष ‘अटल निर्माण वर्ष‘ के रूप मनाया जाएगा: मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय
Next articleसीआरपीएफ ने नक्सलवाद से निपटने में सराहनीय काम किया – अमित शाह